निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने पर आकृति अस्पताल का ओटी और आईसीयू सील कार्रवाई : बच्चेदानी के ऑपरेशन वाली मरीज को जिला अस्पताल रेफर किया गया

रिपोर्टर संदीप यादव मुंगेली।पथरिया।कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके गुप्ता के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को विकासखंड पथरिया के निजी चिकित्सालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान आकृति अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया, जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निजी अस्पतालों के संचालन को लेकर सीएम हेल्पलाइन 1076 में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे, जिला नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, खंड चिकित्सा अधिकारी पथरिया डॉ. अमित लाल तथा प्रभारी लिपिक नर्सिंग होम एक्ट एमएल टांडे की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम रोहराकला निवासी 50 वर्षीय हरन बाई साहू का बच्चेदानी का ऑपरेशन किया जाना पाया गया। टीम के पहुंचने पर अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। उपस्थित स्टाफ एवं सर्जन संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जिस सर्जन का नाम बताया गया, उन्होंने भी अस्पताल में आकर ऑपरेशन करने की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। मरीज की केसशीट में भी विसंगतियां पाई गईं। मरीज की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे तत्काल 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय मुंगेली भेजा, जहां आवश्यक उपचार एवं विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला ओटी

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में साफ-सफाई का अभाव और गंदगी मिली। ओटी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह स्थिति नर्सिंग होम एक्ट नियम, 2013 के प्रावधानों के विपरीत है। टीम ने अस्पताल के ओटी कक्ष एवं आईसीयू को सील कर दिया। यह कार्रवाई अस्पताल संचालक डॉ. विश्राम ध्रुव की मौजूदगी में की गई। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से निजी चिकित्सालयों में निर्धारित चिकित्सा मानकों, चिकित्सकों की उपलब्धता, मरीजों की सुरक्षा और नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों के पालन को लेकर सख्ती का संदेश गया है।

Hot Topics

Related Articles