मोहला-मानपुर-अंबागढ़। जिले के मानपुर ब्लॉक में रविवार को नेशनल हाईवे 930 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ट्रक की ठोकर से ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई, जिसमें सवार 11 लोग घायल हुए और ट्रैक्टर में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मानपुर ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर इरागांव के पास हुआ। मानपुर थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा ने बताया कि हादसे के समय ट्रैक्टर पर महिलाएं, पुरुष और बच्चे सवार थे। ये लोग ग्राम नेडगांव में आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। ग्राम खुर्सेखुर्द से लगभग दो दर्जन ग्रामीण ट्रैक्टर में सवार होकर कार्यक्रम में जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क पर पलट गई और ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार महिला, पुरुष और बच्चे घायल हो गए। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से घायलों को सड़क से हटाकर पास के खेत में ले जाया गया। सूचना पाकर मानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। मानपुर अस्पताल में उपचार के दौरान 26 वर्षीय दूरपत बाई उसारे की मौत हो गई। वहीं, तीन महिलाएं नोहरी बाई, बिसंतीन बाई और बृज बाई तथा एक युवक सुकाल सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित घर भेज दिया गया। गंभीर जख्मी चारों लोगों को बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मेडिकल कॉलेज भेजने की कवायद जारी है। मानपुर पुलिस ने कहा कि घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया है और उसे पकड़ने के लिए संबंधित इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से भी सहयोग मांगा है ताकि ट्रक चालक को जल्द से जल्द हिरासत में लिया जा सके। हादसे ने इलाके में सुरक्षा और सड़क नियमों पर चिंता बढ़ा दी है। थाना प्रभारी ने अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय हमेशा सावधानी बरतें और ओवरलोडिंग से बचें। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए पुलिस सतर्क रहेगी और नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। इस घटना ने नेशनल हाईवे 930 पर वाहन चालकों को भी चेतावनी दी है। पुलिस ने कहा कि घायलों के परिवार वालों को आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।





