मातृ शक्तियों ने विधिवत पूजन-अर्चना कर की मां दुर्गा की आरती, भक्तिमय हुआ विद्यालय परिसर

अर्जुनी। सरस्वती शिशु मंदिर अर्जुनी में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर पंचमी तिथि को कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा द्वितीय तक की नन्हीं बालिकाएं माता दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों में सजकर विद्यालय पहुंचीं। धार्मिक आयोजन में श्रद्धा और उत्साह के साथ मातृ शक्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य चैन सिंह वर्मा एवं उपस्थित अभिभावक मातृ शक्तियों द्वारा विधिवत पूजन-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद सभी ने मां दुर्गा की आरती का गायन किया और सुख-समृद्धि की कामना की। तत्पश्चात नन्हीं कन्याओं को खीर, पूरी, हलवा, केला सहित विभिन्न पकवानों का भोज कराया गया। भोजन के बाद कन्याओं को दक्षिणा भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर सरपंच कविता ध्रुव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं मातृ शक्तियां उपस्थित रहीं। नन्हीं बालिकाओं के देवी स्वरूप ने सभी का मन मोह लिया। नवरात्रि के इस धार्मिक आयोजन ने बच्चों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संस्कारों के प्रति आस्था जगाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य चैन सिंह वर्मा, माखनलाल साहू, किशोरी लाल ध्रुव, श्रवण निषाद, रिपुसुदन श्रीवास, हिंछा राम भारद्वाज, प्रदीप कोसले, वसंत कुमार वर्मा, पुरुषोत्तम वर्मा, वीरेंद्र वर्मा, लक्ष्मी नारायण निषाद, दीदी भगवती सेन, फाल्गुनी वर्मा, भागमती निषाद, कमला वर्मा, पार्वती ध्रुव, नम्रता साहू, प्रीति वर्मा, शीतल वर्मा, लीना वर्मा, राही साहू एवं पांचों यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावकगण और विद्यालय के भैया-बहन उपस्थित रहे।






