बलौदाबाजार पुलिस ने पंजाब से तीन अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मोगा शहर में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से करीब 6.50 लाख रुपए कीमत की चोरी की वर्ना कार बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी की योजना पहले से बना रखी थी। वे लवन रोड स्थित कृषि यंत्र रिपेयरिंग दुकान में काम करने के बहाने कार मालिक की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
22-23 अगस्त की रात आरोपियों ने दुकान के बाहर खड़ी वर्ना कार (CG 09 JL 2169) की सांकल लोहे की रॉड और हथौड़े से तोड़ दी। इसके बाद इग्निशन से छेड़छाड़ कर कार स्टार्ट की और बिलासपुर, प्रयागराज व दिल्ली होते हुए पंजाब भाग गए। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने अपने मोबाइल भी बेच दिए थे।
सीसीटीवी और डिजिटल फॉरेंसिक से मिला सुराग
चोरी के बाद साइबर सेल ने सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल फॉरेंसिक की मदद से जांच शुरू की। पुलिस ने सैकड़ों संदिग्ध मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन छत्तीसगढ़ से करीब 1,500 किलोमीटर दूर मोगा, पंजाब में मिली।
मोगा में जाल बिछाकर पकड़े गए आरोपी
लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम पंजाब रवाना हुई और मोगा पुलिस के साथ समन्वय किया। जीरा रोड नई मंडी के पास पुलिस ने जाल बिछाया। आरोपी जब चोरी की कार का ग्राहक तलाशने पहुंचे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया।
तीनों आरोपी मोगा जिले के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोगा जिले के निवासी गोविंदा (33), रमन कुमार (42) और सुखप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की वर्ना कार के अलावा वारदात में इस्तेमाल दो हथौड़े और एक लोहे की रॉड भी जब्त की है।
ट्रांजिट रिमांड पर बलौदाबाजार लाया गया
आरोपियों को मोगा न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर बलौदाबाजार लाया गया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है।














