पं.चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में होग़ा राज्योत्सव का आयोजन

‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगा आयोजन, विभागीय स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण

बलौदाबाजार, 21 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन 2 नवंबर 2026 को बलौदाबाजार के पंडित चक्रपाणी शुक्ल स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में किया जाएगा। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। आयोजन को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और विभागवार जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार 1 से 3 नवंबर तक सभी शासकीय भवनों में रोशनी करने के निर्देश दिए। साथ ही निजी संस्थानों एवं भवनों को भी रोशनी से सजाने के लिए संबंधित लोगों को प्रोत्साहित करने को कहा।

विभागीय योजनाओं से हितग्राही होंगे लाभान्वित

जिला स्तरीय राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाए।

उन्होंने मुख्य मंच, विभागीय स्टॉल, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वाहन पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा, मेडिकल सुविधा, फूड जोन और मेले सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रसिद्ध कलाकारों के साथ स्कूली विद्यार्थी देंगे प्रस्तुति

राज्योत्सव में प्रसिद्ध कलाकारों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राएं भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। कलेक्टर शर्मा ने कलाकारों के चयन तथा उनके आने-जाने और ठहरने की व्यवस्था के लिए टीम गठित करने को कहा। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक के साथ शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित जनजागरूकता कार्यक्रमों को भी शामिल करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन का उद्देश्य राज्योत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना है।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित विभिन्न अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) और विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Hot Topics

Related Articles