बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने घटना के महज कुछ ही घंटों में सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतिका का पति ही निकला। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, 11 अक्टूबर को प्रार्थी ने थाना भाटापारा ग्रामीण में सूचना दी कि उसकी भाभी अपने कमरे में पलंग पर खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी हुई है और उनके सिर व शरीर पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान है।
पुलिस टीम की तत्काल कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटना को गंभीरता से देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट बलौदाबाजार की भी मदद ली। पुलिस टीम ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम और ई-साक्ष्य (e-Evidence) तकनीक के माध्यम से बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही घटना स्थल से खून से सने कपड़े व अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए।
पूछताछ में खुलासा
जांच के दौरान पुलिस टीम को जानकारी मिली कि मृतिका के पति आरोपी लखन लाल बंजारे को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। घटना की रात आरोपी ने अपनी सोती हुई पत्नी पर धारदार बसुला से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में जाल बिछाया गया और मुखबिर सक्रिय किए गए। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भाटापारा रेलवे स्टेशन में दबिश दी। जहां आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में खड़ा था। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को घेराबंदी कर हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध धारा 103(1) BNS के तहत पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आज 13 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जब्त सामग्री
1 नग खून से सना बसुला एवं घटना स्थल से एकत्रित खून से सने कपड़े एवं फॉरेंसिक साक्ष्य
गिरफ्तार आरोपी
लखन लाल बंजारे पिता बढ़ेरू उर्फ बोदरू उर्फ बोडरु बंजारे, उम्र 61 वर्ष, निवासी ग्राम टोनाटार थाना भाटापारा ग्रामीण






