पशुओं में गलघोटू और एक टांगिया रोग रोकने टीकाकरण मुहिम शुरू

भाटापारा(मोहन तिवारी)छत्तीसगढ़ के भाटापारा अंचल में मवेशियों को जानलेवा मौसमी बीमारियों से बचाने के लिए शासकीय स्तर पर प्रयास तेज कर दिए गए हैं। शासकीय पशु चिकित्सालय मोपका तथा पशु औषधालय खैरा व लच्छनपुर के अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामों में पशुओं को ‘गलघोटू’ और ‘एकटांगिया’ रोग से बचाने के लिए व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर के माध्यम से पशुओं के लिए औषधियों का वितरण भी किया जा रहा है।

मोपका संस्था के प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार सिंह पैंकरा ने क्षेत्र के सभी ग्रामवासियों और पशुपालकों से आग्रह किया है कि वे अपने पशुओं को बांधकर रखें और उन्हें गलघोटू बीमारी का टीकाकरण अवश्य कराएं। डॉ. पैंकरा ने बताया िकयह रोग पशुओं में जीवाणुओं (बैक्टीरिया) के माध्यम से फैलता है। इस बीमारी से बचाव के लिए पशुओं को पूरी तरह स्वच्छ स्थान पर रखा जाना चाहिए।

पशुओं में किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न होने पर पशुपालक निकटतम पशु चिकित्सा संस्था में जाकर दवाई प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, आपातकालीन स्थिति में पशुपालन विभाग व शासन द्वारा संचालित ‘मोबाइल वेटनरी यूनिट’ का लाभ उठाने के लिए पशुपालक सीधे टोल फ्री नंबर 1962 डायल कर सकते हैं और त्वरित पशु चिकित्सा सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। अभियान में सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी डीसी पैंकरा, पट्टी बंधक सोनचंद यादव, ऋतुराज साहू, दीपक मिरी व ”पशु सखी” माला मानिकपुरी का विशेष सहयोग मिल रहा है।

Hot Topics

Related Articles