राजकुमार अग्रवाल पिथौरा, । सर्व हिंदू समाज एवं बजरंग दल पिथौरा ने थाना प्रभारी पिथौरा को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में कथित रूप से धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली पुस्तकों के वितरण और बिना अनुमति सार्वजनिक सभाएं आयोजित किए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र के विभिन्न
गांवों में कुछ व्यक्तियों द्वारा ऐसी पुस्तकों का वितरण किया जा रहा है, जिनमें हिंदू धर्म और धार्मिक मान्यताओं के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री होने का आरोप लगाया गया है। संगठन का कहना है कि इससे क्षेत्र में सामाजिक एवं धार्मिक तनाव उत्पन्न होने की आशंका है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा प्रशासन से आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बिना सार्वजनिक सभाओं का आयोजन किए जाने की जानकारी मिली है। यदि ऐसा पाया जाता है तो यह संबंधित नियमों का उल्लंघन माना जा सकता है।
सर्व हिंदू समाज एवं बजरंग दल ने प्रशासन से पुस्तकों की सामग्री की निष्पक्ष जांच कराने, यह परीक्षण करने कि कहीं उनमें कानून या धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली सामग्री तो नहीं है, सार्वजनिक सभाओं के लिए आवश्यक अनुमति की जांच करने तथा जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या विधि-विरुद्ध कृत्य पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के हस्ताक्षर हैं। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।






