छुरिया- प्रधानमंत्री के पुतला दहन के दौरान भाजपाईयों द्वारा पुतला लेकर भाग जाने से बौखलाए पूर्व विधायक छन्नी साहू द्वारा भाजपा नेताओं को सरेआम गाली गलौच किए जाने एवं थाना परिसर में प्रधानमंत्री एवं पुलिस प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए धरना प्रदर्शन करने के बावजूद उनके एवं कांग्रेसियों के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं किए जाने से नाराज भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित भाजपा मण्डल के पदाधिकारियों नेे थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को अल्टीमेटम देते हुए कल रविवार 26 जुलाई को थाने के सामने विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा मण्डल के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने आज शाम छुरिया थाना पहुंचे जहां भाजपा नेता चंद्रिका प्रसाद डड़सेना ने थानेदार कौशलेश देवांगन से चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के पुतला दहन के दौरान भाजपाईयों द्वारा पुतला लेकर भाग जाना कोई गंभीर अपराध नहीं है । लेकिन इस घटना से बौखलाए कांग्रेस के पूर्व विधायक छन्नी साहू ने भाजपा नेताओं के साथ अभद्र व्यवहार कर गाली गलौच की गई, जिसका विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है । पुतला दहन के दौरान खुले आम गाली गलौच किए जाने की शिकायत भाजपा मण्डल अध्यक्ष कान्ता साहू द्वारा थाने में लिखित रूप से की गई लेकिन अब तक पूर्व विधायक छन्नी साहू सहित किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ता के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इस बीच पूर्व विधायक ने फेसबुक में पूर्व जनपद सदस्य अमीर खान के खिलाफ कार्यवाही को लेकर पोस्ट वायरल किया है । जिससे नाराज भाजपाईयों ने पुलिस प्रशासन पर एकतरफा कार्यवाही करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि आज रात भर के भीतर पूर्व विधायक एवं कांग्रेसियों के खिलाफ एफआईआर नहीं हुई तो कल भाजपा द्वारा विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन छुरिया थाने के सामने किया जायेगा। इसकी पूरी जवाबदारी पुलिस प्रशासन की होगी। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रिका प्रसाद डड़सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव, जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय पटेल, भाजपा नेता जगजीत सिंह भाटिया, भाजपा मण्डल अध्यक्ष कान्ता साहू, सुरेन्द्र सिंह भाटिया, राधेश्याम शर्मा, अशोक मरकाम, राजेश्वर धुर्वे, मोनू गुप्ता, टीकम साहू, नैनसिंह पटेल, शेखर भरद्वाज,देवनंद सहारे, स्वपनिल पटेल, शिशुपाल साहू, अमीर खान सहित बड़ी संख्या में सैकड़ो भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे ।






