प्रदेश के इन दो जिला न्यायलयों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

बालोद / बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के हाईकोर्ट समेत कई जिलों के जिला न्यायलयों को लगातार बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही है। वहीं अब बालोद जिले के सत्र न्यायालय भवन और बेमेतरा जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सनसनी फैल गई है। धमकी भरा मेल सत्र न्यायालय की आधिकारिक साइट पर आया है।

धमकी मिलने के बाद कोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। और दोनों जिला न्यायलयों को खाली करा दिए गए। पुलिस और डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में पूरी तरह चाक-चौबंद व्यवस्था कर दी गई है। जांच अभी जारी है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

बालोद में जयस्तंभ चौक को चारों तरफ से सील कर दिया गया और चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षाकर्मी हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

बता दें कि 25 फरवरी को छत्तीसगढ़ के हाईकोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिससे हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। इसके अलावा, इससे पहले प्रदेश के अन्य जिलों जैसे राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर के न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, जांच में यह बात सिर्फ अफवाह निकली थी।

Hot Topics

Related Articles