प्रयास फाउंडेशन ने वनांचल ग्राम बिसौनी में कराया कन्या भोज, 55 बेटियों का पूजन

संदीप यादव मुंगेली। जिले के वनांचल ग्राम बिसौनी में ‘प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन सोसायटी’ द्वारा संचालित स्कूल में नवरात्रि के पावन पर्व और महाष्टमी के अवसर पर भव्य कन्या पूजन और भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने 55 बालिकाओं का देवी स्वरूप में श्रृंगार कर पूजन किया और उन्हें भोजन कराकर उपहार भेंट किए।

संस्था के सदस्यों ने बताया कि सुदूर वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले वनवासी परिवारों के बच्चे समाज की मुख्यधारा से काफी कटे हुए हैं। इन बच्चों को पोषण युक्त स्वच्छ भोजन, बेहतर शिक्षा और भारतीय संस्कारों से युक्त वातावरण उपलब्ध कराना ही ‘टीम प्रयास’ का मुख्य उद्देश्य है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए महाष्टमी के दिन महागौरी के रूप में छोटी-छोटी कन्याओं का पूजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्य अजय ताम्रकार ने बच्चों और ग्रामीणों को मां दुर्गा के विभिन्न रूपों का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि *मां दुर्गा हम सबकी माता हैं; आदिकाल से जब भी सृष्टि पर संकट आया है, मां ने विभिन्न रूप धारण कर अपने भक्तों की रक्षा की है और दुष्टों का संहार किया है।

इस पुनीत अवसर पर संस्था के सदस्यों ने स्वयं उपवास रखते हुए कन्याओं की पूजा-अर्चना की। बालिकाओं के अलावा गांव की सुहागिन महिलाओं को भी सम्मानपूर्वक भोजन व प्रसाद ग्रहण कराया गया और उन्हें श्रृंगार सामग्री भेंट की गई। साथ ही स्कूल के सभी नौनिहालों को भोजन कराकर उपहार वितरित किए गए।

इस आयोजन में संस्था के सदस्य डॉ. रूपेश साहू अपनी पत्नी किरण साहू के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा संताप मकड़ू, संतोष वैष्णव, अमिताभ वैष्णव, वशिष्ठ प्रसाद सिंह, संजय सिंह राजपूत, रीना सिंह सहित बड़ी संख्या में बिसौनी के ग्रामीण, स्कूली बच्चे और स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Hot Topics

Related Articles