राजनांदगांव। जिले में प्री-पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा 7 मई 2026 को शांतिपूर्ण, नकलरहित एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले में कुल 2 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 450 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय प्रात: 10 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक निर्धारित है। सभी परीक्षा केंद्रों के गेट प्रात: 9.30 बजे बंद कर दिए जाएंगे, इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है तथा व्यापम के सभी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा। परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड एवं वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, इयरफोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा में केवल काले बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग किया जा सकेगा। परीक्षार्थियों को हल्के एवं सरल कपड़े पहनने तथा जांच प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए समय से पूर्व केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षा की निष्पक्षता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पर्यवेक्षक एवं फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (एफएसटी) की नियुक्ति की गई है, जो संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी करेंगे।
कलेक्टर ने सभी केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों एवं परीक्षा कार्य में संलग्न अधिकारियों को निर्देशित किया है कि फ्रिस्किंग एवं सुरक्षा जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट की सुरक्षा हेतु डबल लॉक सिस्टम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा केंद्र परिसर में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रखा जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आवश्यक सुरक्षा बल की तैनाती एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थी बिना किसी व्यवधान के परीक्षा दे सकें। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें एवं व्यापम द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा में सम्मिलित हों, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।





