प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत: नेहरू पार्क में प्रेमी ने युवती की चाकू मारकर की हत्या, कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार

जियाउल खान ,सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार रात नेहरू पार्क में हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। 19 वर्षीय राधिका राजवाड़े की उसके कथित प्रेमी रितेश राजवाड़े (23 वर्ष) ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार आरोपी को शक था कि राधिका किसी दूसरे युवक से बात करती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दे दिया।

घटना रविवार रात करीब 8 बजे सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित नेहरू पार्क में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पार्क में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने चाकू निकालकर राधिका के गले पर कई वार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया। पार्क में मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल राधिका को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, घायल अवस्था में राधिका बोल नहीं पा रही थी। पूछताछ के दौरान उसने इशारों से कागज और पेन मांगा और उस पर हमलावर का नाम लिख दिया। यह पुलिस जांच में एक अहम सुराग साबित हुआ। वहीं घटनास्थल से आरोपी द्वारा लिखा गया एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नेहरू पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा कई टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी रितेश राजवाड़े को पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे सूरजपुर शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और युवाओं के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Hot Topics

Related Articles