डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)। खुद को माइनिंग विभाग का अधिकारी बताकर ट्रांसपोर्टरों से वसूली करने वाले तीन आरोपियों को डोंगरगांव police ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है, जिसने पूछताछ में खुद को पत्रकार बताया। पुलिस ने आरोपियों को स्विफ्ट कार समेत पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम दर्री निवासी रामसिंह राजपूत ट्रांसपोर्टिंग और जेसीबी का काम करता है। ग्राम आमगांव में किसान यशवंत साहू के खेत में मिट्टी समतलीकरण और खेत मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान स्विफ्ट कार CG 04 PN 1413 से पहुंचे तीन लोगों ने खुद को माइनिंग अधिकारी बताया और अवैध खनन का मामला बताकर कार्रवाई की धमकी देने लगे।
आरोपियों ने ट्रांसपोर्टर और ड्राइवर को डराकर 10 हजार रुपए की मांग की। मामला बढ़ता देख प्रार्थी ने डर के कारण ऑनलाइन 6 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में इसकी शिकायत डोंगरगांव थाने में की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कुमरदा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर स्विफ्ट कार को रोका और रवि शर्मा, रेहाना बेगम तथा शेख अरमान को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में महिला आरोपी रेहाना बेगम ने खुद को पत्रकार बताया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 204, 308(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार, निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उप निरीक्षक पुष्पराज साहू सहित डोंगरगांव थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।





