उदयपुर/खैरागढ़। जिले के ग्राम उदयपुर स्थित बंद पड़े ऐतिहासिक पैलेस परिसर में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आयी जब सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38 वर्ष) के रूप में हुई है जो छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 6वीं बटालियन बुढ़ानभाट में पदस्थ था और मूलतः भिलाई का निवासी बताया जा रहा है। वह पूर्व विधायक एवं सांसद रहे स्व.देवव्रत सिंह के उदयपुर स्थित सील किए गए पैलेस की सुरक्षा में तैनात था। घटना की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव ने की है। एसपी लक्ष्य विनोद शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद पुलिस बल एवं फॉरेंसिक टीम उदयपुर पैलेस पहुंची है और आगे की जांच करवाई की जा रही है।
कुछ दिनों से तनाव में दिख रहा था जवान
प्राप्त जानकारी के अनुसार उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस में सुरक्षा व्यवस्था के तहत अलग-अलग शिफ्ट में जवानों की ड्यूटी लगाई जाती है। सोमवार को भी कृपाचंद सोनवानी अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात था। सहकर्मी जवानों के अनुसार वह पिछले कुछ दिनों से तनावग्रस्त दिखाई दे रहा था हालांकि किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी जिससे पैलेस परिसर और आसपास के गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे साथी जवानों ने देखा कि कृपाचंद सोनवानी खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा हुआ था। उसने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली थी।
अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद साथी जवानों ने एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई।
छुट्टी से लौटने के अगले दिन उठाया आत्मघाती कदम
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक जवान एक दिन पहले ही छुट्टी समाप्त कर ड्यूटी पर लौटा था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने घरेलू या निजी कारणों के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया हो। हालांकि घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
घटना के बाद पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।





