गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित बकरीद शुभकामना पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस वायरल पोस्टर में बकरीद की बधाई के साथ गाय की तस्वीर दिखाई गई थी, जिसे लेकर स्थानीय हिंदूवादी संगठनों ने गहरी नाराजगी जताते हुए विरोध दर्ज कराया था। अब इस पूरे विवाद पर अमित जोगी ने खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है और समाज में नफरत फैलाने वालों पर हमला बोला है।
अमित जोगी ने साफ कहा है कि उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से ऐसी कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट शेयर नहीं की गई है। शरारती तत्वों ने उनकी मूल (ओरिजिनल) पोस्ट के साथ छेड़छाड़ (डॉक्टरिंग) करके यह फर्जी पोस्टर वायरल किया है।
उन्होंने कहा, मैंने कल ईद के मौके पर एक सामान्य बधाई संदेश पोस्ट किया था, जो आज भी मेरे फेसबुक पेज पर मौजूद है। कोई भी व्यक्ति जाकर इसकी सच्चाई देख सकता है। छत्तीसगढ़ की शांति और आपसी भाईचारे को धर्म-जाति के नाम पर तोड़ने का घिनौना खेल खेला जा रहा है, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने मांग की है कि दंगा भड़काने की नीयत से फर्जी पोस्टर बनाने और इसे वायरल करने वालों की गहन जांच कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
अमित जोगी ने बताया कि इस मामले की जानकारी मिलते ही उनके संगठन के कार्यकर्ता दोषियों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने जा रहे हैं, ताकि इस साजिश के पीछे छिपे चेहरों का पर्दाफाश हो सके।





