बच्ची और महिला की मौत, राजनांदगांव जिले में घटनाएं

राजनांदगांव। जिले में बच्ची और महिला की मौत हुई है, पहली घटना बोरतलाव थाना क्षेत्र के ग्राम फक्कीटोला की है। जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय महरीन बाई तारम अपने घर में धान उड़ाने वाले पंखे के पास काम कर रही थीं। इसी दौरान तेज आंधी के कारण पंखा अचानक गिर गया। पंखे की चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वे लहूलुहान हो गईं। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं दूसरी दर्दनाक घटना बरनाराकला गांव में हुई। यहां दो वर्षीय मासूम बच्ची खेलते-खेलते घर के पीछे स्थित स्टॉप डैम से जुड़े नाले के पास पहुंच गई। लगातार बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज था। इसी दौरान बच्ची उफनते पानी में गिर गई और बह गई। बच्ची के अचानक लापता होने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद उसकी मां ने नाले के पानी में बच्ची का शव देखा। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता अजय कोसा खेती-किसानी का कार्य करते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

 

 

Hot Topics

Related Articles