बर्तन के लेन-देन पर ऐसा विवाद कि पिता-पुत्र ने घर में घुसकर महिला को पीटा

बलौदाबाजार ,सामाजिक बर्तन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि पिता-पुत्र ने एक महिला के घर में घुसकर गाली-गलौज की। उन्होंने डंडे और मुक्कों से जानलेवा हमला कर दिया। बलौदाबाजार की सिटी कोतवाली पुलिस ने महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने सुहेला गांव निवासी आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीकृत किया गया। विवेचना की जा रही थी। इसके बाद 15 अक्टूबर को दोनों को गिरफ्तार किया गया। उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई। मिली जानकारी के अनुसार, मामला बलौदाबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सुहेला का है। पीड़िता 4 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे अपने घर पर अकेली थी। तभी गांव का राजकुमार सिंगारे और उसका बेटा भगवती सिंगारे सामाजिक बर्तन की बात को लेकर विवाद करने पहुंचे। जब महिला ने अकारण गाली-गलौज का विरोध किया, तो दोनों जबरन घर के भीतर घुस गए। आरोप है कि राजकुमार ने महिला के बाएं कंधे पर मुक्के से ताबड़तोड़ वार किए। वहीं, भगवती सिंगारे ने जान से मारने की धमकी दी। उसने डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में महिला के बाएं कंधे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद लहूलुहान अवस्था में पीड़िता ने सिटी कोतवाली पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया। जांच शुरू की। विवेचना अधिकारी और गवाहों के बयानों के आधार पर पिता-पुत्र की संलिप्तता की पुष्टि हुई। गुरुवार को पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी राजकुमार सिंगारे और उसके बेटे भगवती सिंगारे को हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म कबूल करने के बाद आरोपी भगवती के कब्जे से मारपीट में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया।

 

Hot Topics

Related Articles