बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में झूठे बलात्कार केस दर्ज कराने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पैसों के लालच में ग्राम सरपंच के खिलाफ फर्जी शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस ने युवती समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय पूनम चौहान ने ग्राम कटगी के सरपंच जयसिंह पैकरा और अंजीव जायसवाल पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए कसडोल थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन दिया था। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।पुलिस की विस्तृत जांच में पाया गया कि आरोप पूरी तरह से झूठे और मनगढ़ंत हैं। जांच के दौरान यह सामने आया कि किसी भी प्रकार की बलात्कार की घटना घटित नहीं हुई थी। आरोपियों ने पैसों के लालच में युवती को गुमराह कर झूठा मामला दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि शिकायत को सुनियोजित तरीके से तैयार किया गया था, ताकि सरपंच को फंसाया जा सके और आर्थिक लाभ प्राप्त किया जा सके। मामले की पुष्टि होने के बाद कसडोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पूनम चौहान के अलावा भागवत थवाईत, दीपक थवाईत, शिवा चेलक और विजय तिवारी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस प्रकार के फर्जी मामलों से न केवल निर्दोष लोगों की छवि खराब होती है, बल्कि न्याय व्यवस्था पर भी असर पड़ता है। इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने से पहले पूरी सत्यता की जांच करें और कानून का दुरुपयोग न करें। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस आगे की जांच में यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे षड्यंत्र में और कौन लोग शामिल हो सकते हैं।






