बलौदाबाजार में नवरात्रि-दशहरा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रात 10 बजे के बाद नहीं बजेगा साउंड सिस्टम

500 से अधिक पुलिस अधिकारी-जवान तैनात, 100 पूजा पंडाल और 50 गरबा स्थलों पर रहेगी पैनी नजर

बलौदाबाजार। शारदीय नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए बलौदाबाजार जिले में पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। पूजा पंडालों, देवी मंदिरों और गरबा-डांडिया आयोजनों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिलेभर में 500 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की तैनाती की गई है। वहीं, शहर की प्रमुख सड़कों और अंदरूनी गलियों में बाइक पेट्रोलिंग के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।

त्योहार के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए सिटी कोतवाली थाना परिसर में पूजा पंडाल एवं गरबा-डांडिया आयोजकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों को महिला सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, पार्किंग और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाली समितियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

100 पूजा पंडाल और 50 गरबा स्थलों पर निगरानी

जिले के करीब 100 बड़े पूजा पंडालों और 50 गरबा-डांडिया स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इन स्थलों के प्रवेश और निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों और निजी सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा, पंडालों के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग रोकने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं।

भगदड़ रोकने के लिए आपातकालीन व्यवस्था अनिवार्य

आयोजकों को किसी भी अप्रिय घटना और भगदड़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन निकास मार्ग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पंडालों में प्राथमिक उपचार की सुविधा और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखना भी अनिवार्य किया गया है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करना है।

शहर में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

त्योहारी भीड़ के कारण शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए अंबेडकर चौक से गार्डन चौक तक विशेष यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इसके लिए बजरंग चौक, नेहरू चौक, गांधी चौक, दशहरा मैदान और नया बस स्टैंड को डायवर्जन पॉइंट बनाया गया है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध

ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए एनजीटी, सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के नियमों के अनुरूप रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस प्रशासन ने सभी पूजा समितियों और आयोजनकर्ताओं से निर्धारित समय-सीमा एवं ध्वनि संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दें

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु, अप्रिय घटना या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए डायल 112, पुलिस दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 9479220392 अथवा स्थानीय थाना प्रभारी से संपर्क किया जा सकता है।

पुलिस और जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी के सामूहिक प्रयास से नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।

Hot Topics

Related Articles