(संतन दास मानिकपुरी रिपोर्टर )महासमुंद: बसना थाना क्षेत्र के ग्राम मेदनीपुर में बकरी हटाने की बात को लेकर एक महिला के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर बसना थाना में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बसना थाना में एफआईआर के अनुसार, ग्राम मेदनीपुर निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि वह 7 जुलाई 2026 की शाम लगभग 6 बजे अपने घर के मुख्य दरवाजे से बाहर निकली थीं। उस समय उनका पुत्र देवेश पटेल घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान गांव का बिहारी पटेल करीब 15-20 बकरियों को चराकर गली से वापस ला रहा था। महिला ने अपने पुत्र से कहा कि वह घर के अंदर आ जाए, कहीं बकरियों का सींग न लग जाए।
शिकायत के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर बिहारी पटेल ने महिला के साथ अश्लील एवं अभद्र गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि वह अपने पास रखे डंडे को लेकर महिला की ओर दौड़ा। महिला और उनका पुत्र किसी तरह जान बचाकर घर के अंदर चले गए।
घटना को महिला की बेटी रिंकी पटेल तथा पड़ोसी शकुंतला पटेल, उर्मिला पटेल सहित अन्य ग्रामीणों द्वारा देखे और सुने जाने का उल्लेख एफआईआर में किया गया है। महिला ने बताया कि बाद में खेत से लौटे अपने पति को भी पूरी घटना की जानकारी दी।
पीड़िता की शिकायत पर बसना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और प्रकरण की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी






