संदीप यादव मुंगेली। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के विस्तार के संकल्प के साथ स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित ‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के 9वें वर्ष के 9वें चरण को इस बार बहनों को समर्पित किया गया। रक्षाबंधन के पावन पर्व की स्मृतियों को संजोते हुए संस्था के सदस्यों ने खैरवार रोड में विभिन्न प्रजातियों के 35 पौधों का रोपण किया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को प्रकृति से जोड़ने का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत नीम, कदम, बादाम, गुलमोहर, जामुन, करंज सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। संस्था का कहना है कि पौधरोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना ही वास्तविक पर्यावरण सेवा है।
इस अवसर पर संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। इसी भावना को प्रकृति से जोड़ते हुए इस चरण को बहनों के नाम समर्पित किया गया है। जिस तरह बहन की रक्षा का संकल्प लिया जाता है, उसी तरह हम सभी को प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरण असंतुलन के बीच अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
> “पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सबसे अनमोल विरासत हैं। आज लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में छाया, ऑक्सीजन, फल और जीवनदायी वातावरण प्रदान करेगा। प्रत्येक शुभ अवसर को पौधरोपण से जोड़ें और पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।”
> रामशरण यादव, सहसंयोजक
गौरतलब है कि ‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के माध्यम से स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी पिछले कई वर्षों से लगातार पौधरोपण और पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही है। अभियान के प्रत्येक चरण में अलग-अलग सामाजिक सरोकारों को जोड़कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में शामिल रहे
संयोजक रामपाल सिंह, सहसंयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर कोसले, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, दिनेश गोगलानी, संतोष मक्कड़, गोकुलेश सिंह, दीपक जैन, रणधीर सिंह, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, सूरज मंगलानी, गिरीश सुधाकर, सुनील वाधवानी, मुकेश पाण्डेय, देवराज श्रीवास, पप्पू शर्मा, कोमल खोखे, नागेश साहू, अजय शर्मा, संदीप सिंह, रवि साहू, आशीष सिंह, बृजेश बैस, देवेंद्र सिंह, अजय चंद्राकर, चिकेश सिंह, संतोष खांडे, श्रीओम सिंह, परमेश्वर देवांगन, सुरेश यादव सहित पर्यावरण प्रेमी प्रियंका गुप्ता, सोमेश नंदवानी, आदर्श केशरवानी, प्रद्युम्न सिंह, सागर वैष्णव, सुमित उपाध्याय और जयकुमार माकों उपस्थित रहे।








