बिलासपुर(कमलकांत पाटनवार):- तिफरा ओवरब्रिज के नीचे इंडस्ट्रियल एरिया रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने बीमा एजेंट को धक्का देकर गिरा दिया और उसके पास रखा मोबाइल, पर्स व घर की चाबी लेकर फरार हो गए। घटना में सड़क पर गिरने से बीमा एजेंट की कमर में चोट आई है। पीड़ित ने घटना की जानकारी अपने परिचितों को देने के बाद पुलिस से शिकायत की है।विनोबा नगर में पाठक किराना के पीछे रहने वाले रोहित अग्रवाल (48) बीमा एजेंट हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब 3.10 बजे वह अपने घर से काम के सिलसिले में तिफरा जाने के लिए निकले थे। वह इंडस्ट्रियल एरिया रोड से होते हुए तिफरा की ओर जा रहे थे। करीब 3.30 बजे वह तिफरा ओवरब्रिज के नीचे इंडस्ट्रियल एरिया रोड पर पहुंचे थे।
इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाया। दोनों युवकों ने अचानक उन्हें धक्का दे दिया। धक्का लगने से रोहित सड़क पर गिर गए। इससे उनकी कमर में चोट आई। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनके पास रखा सामान झपट लिया। बदमाश रोहित के घर की चाबी, पर्स और मोबाइल लेकर फरार हो गए।अचानक हुई इस घटना से रोहित कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दोनों बदमाश बाइक से भाग निकले। उन्होंने घटना की जानकारी आशीष अग्रवाल और करन अग्रवाल को दी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान की जा सके।








