बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में डांडिया की खनकती ताल, पारंपरिक परिधानों की रंगीन छटा और बॉलीवुड का ग्लैमर देखने को मिला। पंखीड़ा सीजन-4 के पहले दिन सोमवार को कुछ ऐसा ही नजारा रहा। रायपुर रोड स्थित फॉर्च्यून एलिमेंट्स के महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित गरबा उत्सव में एक्ट्रेस सोनल चौहान की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही। मंगलवार को इस आयोजन में एक्टर रवि किशन शिरकत करेंगे। प्रजाराज्यम् की ओर से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद गरबा और डांडिया की धुनों पर प्रतिभागियों ने कदम मिलाए। पारंपरिक परिधानों में सजे महिला-पुरुष और बच्चे गोल घेरे में गरबा करते नजर आए। कहीं युवाओं की टोलियां उत्साह के साथ डांडिया खेलती दिखीं, तो कहीं परिवार की कई पीढ़ियां एक साथ गरबा करती नजर आईं। पंखीड़ा की पहली शाम एक्ट्रेस सोनल चौहान की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही। उनके आने से आयोजन में बॉलीवुड का रंग नजर आया। कार्यक्रम में नगर विधायक अमर अग्रवाल सहित अन्य अतिथि भी शामिल हुए। संगीत, रोशनी और रंग-बिरंगे परिधानों के बीच गरबा प्रेमियों का उत्साह देर तक बना रहा।






