बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार रात 2 पक्षों के विवाद के बाद पथराव और तोड़फोड़ हुई। इसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि 8 महीने पहले हिंदू संगठन से जुड़े युवक ने सुसाइड किया था। विरोध प्रदर्शन के बाद सोहेल खान नाम के युवक को अरेस्ट किया गया था। इसी बात को लेकर सोहेल खान और दूसरे पक्ष के बीच रंजिश थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर गौ-माता पर कमेंट को लेकर विवाद फिर भड़क गया। हिंदू संगठन के युवकों का आरोप है कि कमेंट का विरोध करने पर दूसरे पक्ष ने लाठी से हमला किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला, लेकिन भीड़ को समय रहते नियंत्रित नहीं किया जा सका। पथराव में TI समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए। वहीं, अब पुलिस अलर्ट मोड पर है। विवादित इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। दोनों पक्षों के खिलाफ दंगे का केस दर्ज किया गया है। 50 से ज्यादा आरोपी नामजद हैं। वहीं, पुलिस ड्रोन कैमरे और वीडियोग्राफी की मदद से दंगा फैलाने वाले उपद्रवियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। दरअसल, मुंगेली के बामपारा निवासी नरेश साहू (19) सरकंडा के चिंगराजपारा स्थित गणेश चौक में रहता था। वह प्राइवेट नौकरी करता था और हिंदू संगठन से भी जुड़ा था। आरोप है कि सोहेल खान और उसके दोस्त ने उसे रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। नरेश ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में की थी। आरोप है कि शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने नरेश को ही धमकाया। वहीं, सोहेल भी उसे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था। इससे परेशान होकर नरेश अपने घर मुंगेली चला गया, जहां उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले नरेश साहू ने वीडियो बनाकर कहा कि वह मरने जा रहा है और इसके लिए सोहेल खान को जिम्मेदार बताया। नरेश साहू ने आरोप लगाया कि पुलिसवालों ने उसका झूठा बयान लिया है। उसने राम सिंह भैय्या और छत्रपाल भाई से इंसाफ दिलाने की अपील भी की। घटना के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने सिटी कोतवाली थाने का घेराव कर विरोध जताया। इसके बाद पुलिस ने सोहेल खान के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से सोहेल और उसके साथी हिंदूवादी संगठन के लोगों से रंजिश रखने लगे थे।बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को लेकर टिप्पणी की गई थी। इस पोस्ट को लेकर हिंदूवादी संगठन के लोगों ने विरोध जताया था। इसी पोस्ट को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ने और बाद में विवाद की स्थिति बनने की बात कही जा रही है। एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि दो गुटों के युवकों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद था। इसे अनावश्यक रूप से सामुदायिक रंग दिया गया। दोनों पक्षों के युवकों के बीच तनातनी के बाद विवाद शुरू हुआ। बता दें कि उपद्रवियों ने खपरगंज से लेकर तेलीपारा रोड तक जमकर उत्पात मचाया। सड़क पर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। 12 से ज्यादा बाइक और स्कूटी में भी तोड़फोड़ की गई। 24 खोली इलाके में घरों पर जमकर पथराव किया गया और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए गए। वहीं, एक दुकान में आग लगाने की कोशिश भी की गई, जिसे नाकाम कर दिया गया। कोतवाली थाने में पुलिस ने शनिवार तड़के दोनों पक्षों के खिलाफ दंगे का केस दर्ज किया है। घायल पुलिसकर्मियों की ओर से भी FIR दर्ज कराई गई है। इसमें 50 से ज्यादा आरोपियों को नामजद किया गया है। इसके अलावा कई अन्य आरोपी भी शामिल हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी आरोपी के नाम का खुलासा नहीं किया है। FIR दर्ज होने के बाद एसीसीयू समेत एसएसपी की ओर से गठित पुलिस टीमें अलग-अलग इलाकों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। शनिवार रात तक पुलिस दोनों गुटों के 12 से ज्यादा लोगों को पकड़ चुकी थी। घटना के दौरान हुई वीडियोग्राफी और मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। शनिवार दोपहर से शाम तक सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर एएसपी और सीएसपी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। विशेष शाखा और एलआईबी की टीमें भी अलर्ट मोड पर रहीं। भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते क्षेत्र में किसी तरह की नई अप्रिय घटना नहीं हुई। सदर बाजार और तेलीपारा रोड पर भी अन्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही। इस दौरान पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर उनकी तलाश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी करती रही। खपरगंज इलाके में घटना के बाद सुबह से रात तक सन्नाटा पसरा रहा। सड़कों पर गिनती के लोग ही नजर आए और ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। धारा 144 लागू होने के कारण मोहल्ले में कहीं भी समूह में लोग नजर नहीं आए। शाम के बाद कुछ चहल-पहल जरूर दिखी, लेकिन अंधेरा होते ही लोग अपने घरों में चले गए। पूरे दिन कलेक्टर और एसएसपी अफसरों से पल-पल की जानकारी लेते रहे। वहीं, कमिश्नर सुनील जैन और आईजी रामगोपाल गर्ग ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। एसएसपी ने सभी अधिकारियों की बैठक लेकर पूरी रात पेट्रोलिंग करने और सभी पॉइंट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए।














