बिलासपुर में पीएम आवास की पहली किश्त लेकर डेढ़ से दो साल तक निर्माण शुरू न करने वाले 2,000 हितग्राहियों पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कड़ा एक्शन लिया है। उन्हें अंतिम चेतावनी देकर स्वीकृति निरस्त करने और राशि वापस वसूल कर नए पात्रों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
बिलासपुर (कमलकांत पाटनवार):- प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किश्त लेने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू न करने वाले दो हजार हितग्राहियों की सूची तैयार की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को समय-सीमा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की, उन्होंने ऐसे हितग्राहियों को अंतिम चेतावनी जारी करने और लापरवाही बरतने पर स्वीकृति निरस्त कर वसूली करने के निर्देश भी बैठक में दिए। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि मिलने के बाद भी मकान निर्माण की गति ठप रहने को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया है। समीक्षा के दौरान सामने आया कि करीब दो हजार हितग्राही ऐसे हैं, जिन्हें पहली किश्त मिले डेढ़ से दो साल बीत चुके हैं, लेकिन उन्होंने निर्माण की एक ईंट भी नहीं रखी है।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी एसडीएम और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ऐसे मामलों में प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि ऐसे हितग्राहियों को अंतिम चेतावनी दी जाए। यदि तय समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जाता, तो उनकी स्वीकृति तत्काल निरस्त कर दी जाएगी। इसके साथ ही उनसे शासकीय राशि की वसूली की जाएगी और वह राशि नए पात्र हितग्राहियों को आवंटित कर लाभ दिया जाएगा। वहीं शासकीय राशि के दुरुपयोग या गबन में संलिप्त पाए जाने वाले संबंधित सरपंचों के खिलाफ भी नियमानुसार प्रकरण दर्ज करने को कहा गया है।














