भाटापारा,बिलासपुर से खुलकर रायपुर दिशा की ओर जाने वाली सभी ट्रेनों का ठहराव भाटापारा में दिए जाने की मांग बिलासपुर रेलवे जोन सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य राजेश शर्मा ने की है। उन्होंने इस आशय का पत्र क्षेत्रीय सांसद एवं रेल मंत्री को प्रेषित करते हुए सुझाव दिया है कि इन ट्रेनों का भाटापारा स्टॉपेज देने से रायपुर बिलासपुर की समय सारिणी में न तो किसी भी प्रकार का बदलाव होगा और यहां के लोगों का समय और पैसा बचने के साथ वहां के प्लेटफार्म पर भीड़ भी कम होगी।
राजेश शर्मा ने बताया कि भाटापारा रेलवे स्टेशन में इस समय देश के विभिन्न राज्यों को सीधे जोड़ने वाली 52 ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं है,जबकि भाटापारा रेलवे स्टेशन आय की दृष्टि से एनएसजी-3 कैटेगरी का स्टेशन है। ट्रेन सुविधा पर्याप्त मात्रा में न होने से यहां के निवासियों, व्यवसायियों, छात्रों को काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। शर्मा ने कहा कि भाटापारा रेलवे स्टेशन पूरे बलोदा बाजार भाटापारा संयुक्त जिले का एक मात्र सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन है, जो कि अपने जिले के विधानसभा क्षेत्रों का ही नहीं बल्कि रेल विहीन बेमेतरा, मुंगेली जिले के क्षेत्रों का भी नजदीकी एवम सर्वसुविधा युक्त पहुंच वाला रेलवे स्टेशन है।
शर्मा ने अपने सुझाव में उन्होंने बताया कि रायपुर से बिलासपुर के मध्य लगभग 110 किमी की दूरी है और इस दूरी को तय करने के लिए ट्रेन नम्बर 12442 पूरे 2 घंटे, ट्रेन संख्या 22939 दो घंटे 10 मिनट, ट्रेन नम्बर 12852 एक घंटा 55 मिनट और ट्रेन नम्बर 20826 एक घंटे 40 मिनट ले रही है जो कि इन ट्रेनों के गंतव्य तक पहुंचने के लिए पर्याप्त मार्जिन टाइम है। उपरोक्त 4 ट्रेनों का भाटापारा ठहराव दिया जाना ज्यादा उचित होगा।
रायपुर बिलासपुर में दबाव भी कम होगा। ऐसे में यहां के लोगों की मंशा और बहुत पुरानी मांग को देखते हुए बिलासपुर से खुलकर रायपुर दिशा की ओर जाने वाली 4 प्रमुख यात्री ट्रेनों 12851/12852, बिलासपुर चेन्नई एक्सप्रेस, 12441/12442 बिलासपुर नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 22939/22940 बिलासपुर ओखा एक्सप्रेस और 20825/20826 बिलासपुर नागपुर वंदेभारत एक्सप्रेस का भाटापारा ठहराव स्टॉप एंड स्टार्ट के तहत तत्काल स्वीकार करना अति आवश्यक हो गया।














