रायपुर। सीएम साय ने कहा, बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिल रही ऐतिहासिक बढ़त जनविश्वास की बड़ी जीत है। एनडीए के प्रति जनता का बढ़ता विश्वास माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विकास, सुशासन और सकारात्मक राजनीति की जीत है। आज मंत्रिमंडल के साथियों के साथ इसकी खुशियां साझा करते हुए मन में एक ही भावना थी, सुशासन पर जनता का यह विश्वास हमें और ज़िम्मेदार बनाता है। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबंधन ( एनडीए) को रुझानों में अजेय बढ़त मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रीमण्डल के सदस्यों को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) ने फिर से परचम लहराया है। चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों में एनडीए ने 195 सीटों पर बढ़त हासिल की है। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, भाजपा ने दोपहर साढ़े 12 बजे तक 87 सीटों पर बढ़त बनाए रखी, जो सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। इसके अलावा भाजपा की सहयोगी जदयू 79 सीटों पर आगे रही। एनडीए के अन्य घटक दलों में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 21, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को तीन सीटों पर बढ़त मिली। यही रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं तो यह बिहार में एनडीए की 2010 के बाद दूसरी सबसे बड़ी जीत होगी।





