नई दिल्ली: बिहार चुनाव की मतगणना में लगभग सभी सीटों पर 20 राउंड से अधिक की गिनती हो चुकी है. रुझाने में एनडीए 200 से अधिक सीटों पर आगे चल रहा है. इनमें से कई सीटों पर उम्मीदवारों को विजयी घोषित किया जा चुका है. काउंटिंग अंतिम चरण में है. ऐसे में महागठबंधन के सामने बड़ी चुनौती ये है कि क्या उसके उम्मीदवार एनडीए को 200 के अंदर रोकने में कामयाब हो पाएंगे? ताज़ा राजनीतिक तस्वीर में बिहार की नई विधानसभा पूरी तरह भगवा रंग में रंगी दिखाई दे रही है. कुल 204 सीटों के साथ एनडीए ने स्पष्ट और प्रचंड बहुमत हासिल कर लिया है. इसके मुकाबले महागठबंधन केवल 32 सीटों पर सिमट गया, जबकि अन्य दलों को 7 सीटें मिली हैं. यह परिणाम साफ तौर पर दिखाता है कि बिहार की राजनीति में इस बार एनडीए का वर्चस्व पहले से कहीं अधिक मजबूत होकर उभरा है. पीएम मोदी का बिहार को संदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार चुनाव में NDA की प्रचंड जीत पर राज्य की जनता को धन्यवाद देते हुए बड़ा संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि यह सुशासन, विकास, जन-कल्याण और सामाजिक न्याय की जीत है. पीएम मोदी ने लिखा कि बिहार ने 2025 के चुनावों में ऐतिहासिक जनादेश दिया है और यह आशीर्वाद सरकार को और ज्यादा समर्पण के साथ जनता की सेवा करने की शक्ति देगा. पीएम मोदी ने कहा कि NDA ने बिहार में चौतरफा विकास किया है और जनता ने इसी ट्रैक रिकॉर्ड और भविष्य की विजन पर भरोसा जताया है. उन्होंने नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को इस जीत की बधाई दी. प्रधानमंत्री ने NDA कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने जनता के बीच जाकर विकास का एजेंडा मजबूत किया और विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर, संस्कृति, युवा और नारी शक्ति के लिए बड़े कदम उठाए जाएंगे.





