बीच-बचाव करने गए ग्रामीण की नाक, कान और गाल को दांत से काटा, आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमंदी में एक कार्यक्रम के दौरान विवाद शांत कराने पहुंचे ग्रामीण पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। मामूली विवाद में बीच-बचाव करना प्रार्थी को भारी पड़ गया। गुस्साए आरोपी ने उसके साथ मारपीट करते हुए दांत से नाक का अगला हिस्सा काटकर अलग कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़ित के कान, गाल और हाथ की उंगली को भी काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पलारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डिगेश्वर साहू (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।

विवाद शांत कराने पहुंचे ग्रामीण पर हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोसमंदी निवासी भुनेश्वर वर्मा (35 वर्ष) ने 21 अक्टूबर 2026 को थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि 20 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे गांव में मंदिर के पास एक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव के दो लोगों के बीच विवाद और मारपीट होने लगी। विवाद शांत कराने के उद्देश्य से भुनेश्वर वर्मा बीच-बचाव करने पहुंचा।

इससे नाराज होकर आरोपी डिगेश्वर साहू, पिता बिरेन्द्र साहू, निवासी ग्राम कोसमंदी ने प्रार्थी को अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने दांत से प्रार्थी की नाक का अगला हिस्सा काटकर अलग कर दिया। साथ ही उसके कान, गाल और हाथ की उंगली को भी काट लिया। हमले में प्रार्थी को गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मारपीट होते देखी और सुनी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पलारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी डिगेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

हिंसक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हिंसक एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले और नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

Hot Topics

Related Articles