रायपुर। राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नवा रायपुर स्थित इंद्रावती और महानदी भवन के बीच सड़क पर तेज रफ्तार से जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर औंधे मुंह पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार अचानक सड़क किनारे डिवाइडर से टकराई और पलटकर उलटी हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। कार में सवार लोगों की स्थिति को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही राखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की। हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल घायलों या मृतकों के संबंध में जानकारी की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। नवा रायपुर में इंद्रावती और महानदी भवन के बीच यह इलाका अत्यधिक व्यस्त मार्गों में गिना जाता है। शाम के समय इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में कार पलटने की घटना से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। फिलहाल राखी पुलिस मामले की जांच कर रही है और कार सवारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।





