रमेश कुमार सलाम,कोण्डागांव। ग्राम बेचा में शासकीय प्राथमिक शाला भवन निर्माण में काम करने वाले मजदूरों की मजदूरी को लेकर मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल भवन निर्माण के दौरान मजदूरों से काम कराया गया और ठेकेदार मुकेश मीणा द्वारा मजदूरी का भुगतान करने का भरोसा दिया गया था। लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी मजदूर अपनी मेहनत की कमाई के लिए भटक रहे हैं।
मजदूरों का कहना है कि उन्होंने स्कूल भवन निर्माण में पूरी मेहनत और समय लगाकर काम किया, लेकिन अब तक उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। इससे मजदूरों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।
मामले की जानकारी मिलने पर आम आदमी पार्टी कोंडागांव के मानसिंह नेताम मौके पर पहुंचे और मजदूरों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मजदूरों की मजदूरी का भुगतान कराने के लिए उनकी आवाज उठाने की बात कही।
मानसिंह नेताम ने कहा कि मजदूरों की मेहनत की कमाई उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मंत्री केदार कश्यप, कलेक्टर, लोक निर्माण विभाग और संबंधित ठेकेदार सहित जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा।
ग्रामीणों और मजदूरों ने मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर लंबित मजदूरी का शीघ्र भुगतान कराया जाए, ताकि उन्हें अपनी मेहनत की कमाई के लिए भटकना न पड़े।
मजदूरों की मांग साफ है—मेहनत का पूरा पैसा मिले और जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो।








