रायपुर के पंचपेडी नाका से दबोचा गया आरोपी — डोंगरगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई
डोंगरगांव(दीपक अवस्थी )|उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक डोंगरगांव में हुई बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए पुलिस ने पूर्व ब्रांच मैनेजर भूषण कुमार सिन्हा (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने 47 ग्राहकों से वसूली गई ₹4,60,036 की किश्त राशि बैंक में जमा नहीं की, बल्कि उसे जुआ–सट्टे में उड़ा दिया।
8 महीने तक चलता रहा गबन का खेल
जानकारी के अनुसार आरोपी भूषण सिन्हा ने 01 जनवरी 2024 से 20 अगस्त 2024 तक ग्राहकों से किश्तें वसूलीं, लेकिन न तो ऋण कार्ड अपडेट किया और न मोबाइल ऐप में। पूरी राशि अपने कब्जे में रखकर गबन किया।
वर्तमान शाखा प्रबंधक डिकेश्वर साहू की रिपोर्ट पर डोंगरगांव थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ
अपराध क्रमांक 358/25
धारा 420, 409 भादवि के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ में कबूला—जुए में उड़ा दी पूरी रकम
पुलिस पूछताछ में आरोपी भूषण ने स्वीकार किया कि वसूली गई पूरी रकम को खाने–पीने, जुआ और सट्टा खेलने में खर्च कर दिया गया।
पुलिस ने उसके इस बयान का मेमो तैयार किया।
रायपुर से गिरफ्तार — पुलिस टीम ने दिया छापा
थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा पाटले के निर्देशन में टीम गठित की गई।
जानकारी के अनुसार मुखबिर ने पता दिया कि आरोपी पंचपेडी नाका रायपुर में छुपा है।
पुलिस टीम तत्काल रायपुर रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर डोंगरगांव थाने लाया गया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।





