मोहन तिवारी,भाटापारा: शहर के व्यस्त महतारी चौक पर उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक मोमोज के ठेले में गैस सिलेंडर ने भीषण आग पकड़ ली। जानकारी के अनुसार, दुकानदार रोज की तरह ठेले पर मोमोज बना रहा था, तभी अचानक सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे चौक पर मौजूद लोगों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। जिस जगह यह हादसा हुआ, वह एक बैंक के बेहद करीब था और आसपास कई अन्य दुकानें भी संचालित हो रही थीं, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई थी।
खतरे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय दुकानदारों और वहां मौजूद लोगों ने गजब की तत्परता दिखाई। लोगों ने बिना वक्त गंवाए आनन-फानन में उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की इसी सूझबूझ और सामूहिक प्रयास के कारण आग को आगे फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास की दुकानें और बैंक सुरक्षित रहे। हालांकि, इस अग्निकांड में मोमोज बनाने की पूरी सामग्री, राशन और कीमती बर्तन जलकर पूरी तरह राख हो गए, जिससे पीड़ित ठेला संचालक को काफी नुकसान पहुंचा है। समय रहते चौकन्ना हुए लोगों के कारण एक बड़ी तबाही टल गई और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।






