रायपुर। सीएम साय ने आज भूमिहीन मजदूरों को राशि जारी किया। उन्होंने x पोस्ट में बताया कि जब नीति सही दिशा में हो और नीयत स्पष्ट हो, तो परिवर्तन केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि लोगों के विश्वास और उनके चेहरे की संतुष्टि में दिखाई देता है। आज बलौदाबाजार में ‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के अंतर्गत आयोजित राशि वितरण समारोह में विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया और हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्री एवं प्रशस्ति पत्र का वितरण किया। इस दौरान यह स्पष्ट अनुभव हुआ कि सुशासन सरकार की योजनाएँ अब ज़मीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लोगों के जीवन को स्पर्श कर रही हैं। हर जरूरतमंद तक योजना का लाभ, हर जीवन में सकारात्मक बदलाव -यही सुशासन की असली पहचान है। जो धरती को अपने पसीने से सींचते हैं, जो श्रम की तपिश से समृद्धि के बीज बोते हैं, आज उन श्रमवीरों के सम्मान का दिन है, जो विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव रखते हैं। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत 4,95,965 श्रमिक परिवारों को ₹10,000 प्रति हितग्राही की दर से 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये की राशि का अंतरण सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि श्रमवीरों के परिश्रम का सम्मान और उनकी समृद्धि का सशक्त संकल्प है।





