भाटापारा । प्रति वर्ष अनुसार वाल्मीकि जयंती पर कलश यात्रा राम जानकी मंदिर से प्रारंभ होकर वाल्मीकि नगर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम में होगा समापन वाल्मीकि नगर, शक्ति वार्ड भाटापारा महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के पावन एवं शुभ अवसर पर जयंती से एक दिन पूर्व भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह कलश यात्रा राम जानकी मंदिर से विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ होकर वाल्मीकि नगर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम में पहुंचकर संपन्न होगी। इस पावन अवसर पर समाज के अध्यक्ष प्रतेश राठौर समस्त पदाधिकारीगण, वरिष्ठ समाजसेवी एवं समाज के महिला-पुरुष, युवा तथा समस्त सदस्यगण बड़ी संख्या में सम्मिलित होकर महर्षि वाल्मीकि जी के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट करेंगे।कलश यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, भाईचारे एवं आपसी सद्भाव को मजबूत करना तथा महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों, विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।महर्षि वाल्मीकि जी ने अपनी महान रचना रामायण के माध्यम से संपूर्ण मानव समाज को सत्य, धर्म, मयार्दा, न्याय एवं आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया। उनका जीवन हमें शिक्षा, संस्कार, समानता और मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। समाज के सभी सदस्यों से अपील की गई है कि वे इस पावन कलश यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं तथा महर्षि वाल्मीकि जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लें उपरोक्त जानकारी प्रत्येश राठौर अध्यक्षमहर्षि वाल्मीकि समाज ने दी है।







