- विधायक श्री सिन्हा ने किया नए आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन
- एक ही छत पर मिलेगी आधार नामांकन और अद्यतन की त्वरित सुविधा
- राजकुमार अग्रवाल महासमुंद :- जिले के निवासियों को शासकीय दस्तावेजों और पहचान पत्र से जुड़ी सुविधाओं को आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिला मुख्यालय महासमुंद में ग्राउंड फ्लोर, वार्ड नं 29, बरोडा चैक के पास नए आधार सेवा केंद्र का औपचारिक उद्घाटन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा फीता काटकर नए आधार सेवा केन्द्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, यूआईडीएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर एवं बीएलएस इंटरनेशनल के रीजनल मैनेजर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने केंद्र का निरीक्षण किया और उपलब्ध अत्याधुनिक सुविधाओं की सराहना की।
उद्घाटन अवसर पर अतिथि विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को काफी राहत मिलेगी और उन्हें भटकना नहीं पड़ेगा। कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि इससे शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। यूआईडीएआई प्रोजेक्ट मैनेजर एवं बीएलएस इंटरनेशनल के रीजनल मैनेजर ने केंद्र की कार्यप्रणाली और नागरिकों को दी जाने वाली उत्कृष्ट डिजिटल सेवाओं की जानकारी साझा की।
यह नवीन आधार सेवा केंद्र आधुनिक बुनियादी ढांचे से लैस है, जहाँ नागरिकों को एक ही छत के नीचे आधार नामांकन और अद्यतन की त्वरित व बाधा-रहित सुविधा मिलेगी। जिला व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक अब कम समय में अपने जनसांख्यिकीय (डेमोग्राफिक) विवरण और बायोमेट्रिक डेटा को अपडेट करा सकेंगे। केंद्र पर उपलब्ध मुख्य सेवाओं में नया आधार नामांकन, बच्चों और वयस्कों के लिए नया आधार कार्ड बनाना, बायोमेट्रिक अपडेट- फिंगरप्रिंट, आइरिस (आंखों की स्कैनिंग) और फोटो अपडेट (5 से 15 वर्ष के बच्चों के लिए अनिवार्य अपडेट सहित)। डेमोग्राफिक अपडेट- नाम, पता, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि में सुधार या बदलाव। दस्तावेज अपलोड -पहचान और पते के प्रमाण हेतु आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन व अपलोड शामिल है।
आधार सुविधा केन्द्र सप्ताह के सातों दिन (सोमवार से रविवार) सुबह 9ः30 बजे से शाम 5ः30 बजे तक खुलेगा। सेवा का लाभ लेने के लिए केन्द्र जाकर अथवा ऑनलाइन स्लॉट बुक करके लिया जा सकता है। स्थानीय निवासियों से अपील की गई है कि वे अपने आधार अद्यतन व नामांकन से जुड़े कार्यों के लिए इस नए केंद्र की सुविधाओं का लाभ उठाएं।






