दुर्ग। जिले में रायपुर से रेलवे का एग्जाम देकर लौट रहा बाइक सवार परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। पिछले पहिए के चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाप-बेटा गंभीर घायल हो गए। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हाई स्पीड ट्रक बाइक को टक्कर मारते साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में जाम की स्थिति बनी, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक एन भारती (30) परिवार के साथ खुर्सीपार भिलाई में रहती थी। शनिवार को पति और 4 साल के बच्चे के साथ रायपुर रेलवे का परीक्षा देने गई थी। एग्जाम के बाद देर शाम सभी बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों गिर पड़े और पहिए की चपेट में आने से भारती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पति और बच्चे को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।





