डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)। शहर में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब मामूली विवाद को लेकर स्थानीय व्यापारी ने नागपुर से चार गुर्गे बुलाकर वार्ड क्रमांक 11 सिनेमा लाइन क्षेत्र में यादव परिवार के घर और होटल पर हमला करा दिया। घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
घर में धावा—चाकू और टूटी बोतल से दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता भानबाई यादव ने बताया कि त्रिलोचन देवांगन, उसका पुत्र योगेश और नागपुर से आए चार गुर्गे उनके घर में जबरन घुस आए।
एक गुर्गे ने तलवारनुमा चाकू दिखाया, जबकि दूसरे ने काँच की बोतल तोड़कर उसका नुकीला हिस्सा भानू यादव की गर्दन पर रख दिया।
आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। मोहल्लेवासियों के पहुंचने से किसी तरह हमलावर घर से बाहर निकले।
फिर होटल पहुँचे—महिलाओं से गाली-गलौज व मारपीट
घर से हटाए जाने के बाद आरोपी सीधे गौतम होटल जा पहुंचे, जहाँ भानबाई यादव दुकान संभाल रही थीं।
चारों गुर्गों ने यहाँ भी गाली-गलौज की, धक्का-मुक्की की और मारपीट कर उन्हें चोटें पहुंचाईं।
ग्राहकों और राहगीरों ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली।
स्थानीय लोगों की पकड़—दो गुर्गे घायल, दो फरार
घटना के दौरान क्षेत्रवासियों ने बाहरी गुर्गों का पीछा किया।
चार गुर्गों में से दो पकड़ में आ गए और भीड़ की पिटाई से घायल हो गए।
दो अन्य आरोपी भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
दिनभर मिलती रही धमकियाँ
पीड़िता के अनुसार घटना से पहले आरोपी दोपहर से ही उनके बेटे राहुल यादव को फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। आसपास के लोगों से भी उसके बारे में पूछताछ कर रहे थे।
पुलिस ने सात लोगों पर दर्ज किया अपराध
डोंगरगांव थाना पुलिस ने त्रिलोचन देवांगन, उसके पुत्र योगेश देवांगन और नागपुर से आए चार गुर्गों सहित कुल सात आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 191(2), 333 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिसने कहा होगी सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी कृष्णा पटले ने बताया—
“मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्रवाई हो रही है। फरार आरोपियों की तलाश में टीम भेज दी गई है। जल्द ही बेहतर कार्रवाई देखने को मिलेगी।”
इलाके में दहशत—बाहरी गुंडों की एंट्री चिंता का विषय
घटना के बाद वार्ड में तनाव का माहौल रहा।
स्थानीय लोगों ने कहा कि डोंगरगांव में बाहरी गुंडों की बढ़ती दखल चिंता बढ़ाने वाली है।
पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।





