मारवाड़ी युवा मंच ग्रेन सिटी शाखा द्वारा “WALKATHON 2.0 – 2026” का आयोजन

भाटापारा। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच, ग्रेन सिटी शाखा भाटापारा द्वारा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के उद्देश्य से “WALKATHON 2.0 – 2026” का आयोजन दिनांक 30/08/26 दिन रविवार रावण भाटा, भाटापारा में प्रातः 7:00 बजे किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मंच के सदस्यों एवं आमजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमित रूप से पैदल चलने एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मारवाड़ी युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रशांत गांधी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री आलोक त्रिवेदी ने की। विशेष अतिथि के रूप में श्री नंदकुमार वैष्णव, आर्मी ट्रेनर एवं श्री सुनील तिवारी, प्रशिक्षक, भारत माता सैनिक ट्रेनिंग एकेडमी, बच्चों सहित उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच ग्रेन सिटी शाखा भाटापारा के अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ गोलछा, उपाध्यक्ष श्री आशीष टोडर, श्री भावेश अग्रवाल, सचिव श्री साकेत माहेश्वरी, निर्वर्तमान अध्यक्ष श्री कैलास बंसल, श्री गोपाल शर्मा, श्री अभिषेक टाटिया, श्री विनोद अग्रवाल, श्री तुषार अग्रवाल एवं श्री वैभव सांखला सहित मंच के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रशांत गांधी ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में शारीरिक गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं। नियमित रूप से दौड़ना एवं पैदल चलना शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सक्रिय बनाए रखने में सहायक है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने WHITE T-SHIRT ड्रेस कोड के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से “आइए, साथ चलें—स्वस्थ रहें, स्वस्थ समाज बनाएँ” का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंच के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में मंच सचिव श्री साकेत माहेश्वरी ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ संगठन के सदस्यों को एकजुट करने का कार्य करते हैं।

मारवाड़ी युवा मंच ग्रेन सिटी शाखा भाटापारा द्वारा भविष्य में भी स्वास्थ्य, सेवा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

Hot Topics

Related Articles