मुंगेली के प्रसिद्ध हथनिकला अष्टभुजी दुर्गा मंदिर में उमड़ी आस्था की भीड़, पंचमी से बढ़ा सैलाब, दीपों की रोशनी और भव्य सजावट ने मोहा मन

संदीप यादव मुंगेली। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हथनिकला स्थित माँ अष्टभुजी दुर्गा मंदिर में नवरात्रि पर्व पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ रहा है। पंचमी तिथि से मंदिर में भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। आसपास के गांवों और शहरों से हजारों श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के आसपास पूरे दिन मेले जैसा माहौल बना हुआ है।

मंदिर समिति और कार्यकर्ताओं द्वारा इस बार दर्शन व्यवस्था को और अधिक पुख्ता और सुलभ बनाया गया है। पिछले वर्षों में मेले के दौरान लगने वाले जाम और अव्यवस्था को देखते हुए इस बार जबर्दस्त इंतजाम किए गए हैं।

भक्तों के लिए की गई खास व्यवस्थाएं:

सुगम दर्शन: भक्तों को कतार में बिना किसी परेशानी के दर्शन हो सके, इसके लिए स्टील रेलिंग से बैरिकेडिंग कर लंबा कवर शेड बनाया गया है। रोशनी से सजे इस गलियारे से भक्त आराम से मंदिर तक पहुंच रहे हैं।

पार्किंग की बेहतर व्यवस्था: जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए इस बार पार्किंग की व्यवस्था को और बड़ा और व्यवस्थित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को वाहन खड़ा करने में कोई परेशानी नहीं हो रही है।

भव्य सजावट और लाइटिंग: पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों, फूलों और आकर्षक लाइटों से खूब सजाया गया है। मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार रात में देखते ही बन रहा है। गर्भगृह के अंदर भी फूलों की माला और गेंदा के फूलों से अद्भुत श्रृंगार किया गया है।

दीपोत्सव जैसा नजारा: मंदिर के ज्योतिकलश प्रज्ज्वलन स्थल पर हजारों ज्योतिकलस की एक साथ जगमगाहट अलौकिक दृश्य पैदा कर रही है। श्रद्धालुओं द्वारा जलाए गए इन ज्योतिकलश से पूरा मंदिर परिसर रोशनी से नहा उठा है।

भजन-कीर्तन: मंदिर में रोज नए-नए जसगीतों और भजनों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार की व्यवस्था पिछले सभी वर्षों से बेहतर है। समिति के कार्यकर्ता दिन-रात सेवा में लगे हुए हैं।

Hot Topics

Related Articles