मुंगेली: जिला ग्रंथालय में स्टाफ संकट, किताबें नहीं मिल रहीं; तैयारी कर रहे छात्र मायूस

मुंगेली, संदीप यादव।राज्य सरकार के एक आदेश के बाद मुंगेली जिला ग्रंथालय में संकट गहरा गया है। शिक्षा विभाग द्वारा अटैचमेंट पर आए कर्मचारियों को मूल स्थान पर भेजने के आदेश के बाद न तो किताबें समय पर मिल पा रही हैं और न ही साफ-सफाई हो पा रही है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी मायूस और हताश हो रहे हैं।

समस्या को लेकर ग्रंथालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों ने सोमवार को कलेक्टर महोदय और जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

*क्या है पूरा मामला*

ज्ञापन में छात्रों ने बताया कि राज्य सरकार ने शिक्षा विभाग के डाइट और अन्य जगहों पर अटैच शैक्षणिक कर्मचारियों को उनके मूल स्थान पर कार्य करने का आदेश जारी किया है। इसी आदेश के तहत जिला ग्रंथालय मुंगेली में विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों से अटैच समस्त कर्मचारियों को भी मूल स्थान पर भेजा जा रहा है।

छात्रों का आरोप है कि टीचर/कर्मचारी न होने के कारण लाइब्रेरी में किताबें समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। साथ ही सफाई कर्मचारी नहीं होने से ग्रंथालय की साफ-सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह लाचार हो गई है।

*200-300 छात्र प्रभावित, पढ़ाई ठप*

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्रंथालय में प्रतिदिन 200-300 अभ्यर्थी और विद्यार्थी अध्ययन करने आते हैं। स्टाफ नहीं होने की स्थिति में इन सभी को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

विद्यार्थियों ने मांग की है कि ग्रंथालय को सुचारू रूप से संचालित रखने के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि पढ़ाई बाधित न हो और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था हो सके।

ज्ञापन देने वालों में संस्कृति ठाकुर, अंजलि साहू, चंदा प्रभा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल थे।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या का समाधान कब तक करता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

Hot Topics

Related Articles