संदीप यादव मुंगेली, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण एवं खेलमय वातावरण में हुआ।
प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों – बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर से आए कुल 270 बालक-बालिकाएं अपने जौहर दिखा रहे हैं। प्रतियोगिता में शतरंज और नेटबाल के मुकाबले हो रहे हैं, जिसमें 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
पांचों संभागों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग से मुंगेली, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायपुर संभाग से बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, दुर्ग संभाग से बेमेतरा, दुर्ग, कबीरधाम, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर, बालोद, सरगुजा संभाग से बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग से बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा, बस्तर के खिलाड़ी शामिल हुए हैं।
बौद्धिक क्षमता और टीम भावना का संगम
शतरंज में खिलाड़ी अपनी बौद्धिक क्षमता, एकाग्रता और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं नेटबाल के मैदान में खिलाड़ियों की फुर्ती, टीम भावना और खेल कौशल देखने को मिल रहा है। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अन्य जिलों के खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर दे रही है।
इस अवसर पर एसडीएम अजय शतरंज, जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।











