मुंगेली में नशे का खेल बेलगाम, आबकारी की कार्रवाई सिर्फ दिखावा? शहर में पनप रहे कोचियों पर क्यों मेहरबान है विभाग?

संदीप यादव मुंगेली, जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई का दावा कर रहा है। इसी क्रम में जिला स्तरीय आबकारी उड़नदस्ता एवं आबकारी वृत्त पथरिया की संयुक्त टीम ने ग्राम सेंदरी, थाना पथरिया में छापा मारकर 24 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की है।

जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जब्त शराब की कुल मात्रा 4.5 बल्क लीटर है। टीम ने संबंधित दुकान से एक पाव मदिरा की खरीदी की, इसके बाद दुकान एवं मकान की विधिवत तलाशी लेने पर उक्त मात्रा बरामद हुई। मामले में आरोपी नारायण लहरे के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण कायम कर मुचलका जमानत पर रिहा किया गया है।

एक तरफ गांव में कार्रवाई, दूसरी तरफ शहर में खुलेआम बिक्री

एक तरफ आबकारी विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में छोटी-छोटी कार्रवाई कर वाहवाही लूट रहा है, तो दूसरी तरफ जिला मुख्यालय मुंगेली शहर में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। शहर के कई वार्डों और चौक-चौराहों पर शाम होते ही अवैध रूप से शराब बिक्री की शिकायतें आम हैं, लेकिन विभाग इसे पकड़ने में पूरी तरह नाकाम है।

शहर में पनप रहा नशे का खेल, क्या विभाग की मिलीभगत से फल-फूल रहा कारोबार?

स्थानीय लोगों में चर्चा है कि क्या शहर में पनप रहे नशे के इस खेल को आबकारी विभाग की मिलीभगत से संरक्षण मिल रहा है? क्या विभाग को मोटी रकम मिल रही है? या फिर विभाग की कोचियों से साठ-गांठ है, जिसके चलते शहर में कार्रवाई नहीं हो पा रही?

Hot Topics

Related Articles