- सीएमएचओ ने चिकित्सकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मुंगेली(रिपोर्टर: संदीप यादव_) जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की बैठक ली। बैठक में मुलाहिजा रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया को अधिक सटीक, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीएमएचओ ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि सभी मुलाहिजा रिपोर्ट के प्रकरणों में निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न आए तथा आम नागरिकों को बेहतर एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों। उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष एवं तथ्यपरक परीक्षण किया जाए।
बैठक में चिकित्सकों ने भी मुलाहिजा रिपोर्ट तैयार करने से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर अपने सुझाव साझा किए तथा भविष्य में रिपोर्ट लेखन की गुणवत्ता, सटीकता और विश्वसनीयता बनाए रखने का भरोसा दिलाया।बैठक में जिला चिकित्सालय के आरएमओ डॉ. संदीप पाटिल, पैथोलॉजिस्ट डॉ. के.एस. कंवर, बेहोशी विशेषज्ञ डॉ. शिवपाल सिंह सिदार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. देवेश खाण्डे सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से जिले में मुलाहिजा रिपोर्टिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और मानक अनुरूप बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।






