Wednesday, February 25, 2026
More

    मेरे खिलाफ बयान देने वालों के साथ चाय पीते हैं बैज: भूपेश

    रायपुर । छत्तीसगढ़ कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने पार्टी में अनुशासनहीनता के मामलों में कार्रवाई नहीं होने और वरिष्ठ नेताओं की निष्क्रियता को लेकर तीखा हमला बोला। बैठक में कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट की मौजूदगी में बघेल ने सीधे तौर पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को घेरते हुए कहा, “जो नेता मेरे खिलाफ बयान देते हैं, उन्हीं के साथ आप चाय पीते हैं।”

    मुख्यमंत्री पर सीधा हमला नहीं करते वरिष्ठ नेता: भूपेश

    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलना चाहिए, लेकिन कुछ वरिष्ठ नेता इससे बचते हैं। “जनता के बीच हमारी मजबूत मौजूदगी तभी दिखेगी जब हम सीधे और मुखर होकर विरोध करें,” बघेल ने कहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ नेता बड़े मुद्दों पर मौन रहते हैं और औपचारिक विरोध कर अपनी जिम्मेदारी निभा लेते हैं।

    सीनियर नेताओं की उपेक्षा पर भी उठे सवाल

    बैठक में कुछ वरिष्ठ नेताओं ने यह मुद्दा उठाया कि उन्हें संगठन में जिम्मेदारी नहीं दी जा रही है। उनका कहना था कि पार्टी को उनके अनुभवों का लाभ उठाना चाहिए, लेकिन फिलहाल उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे पार्टी में समन्वय और ऊर्जा की कमी महसूस हो रही है।

    दीपक बैज ने दी सफाई

    पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने भूपेश बघेल की टिप्पणी पर जवाब देते हुए कहा कि, “अपने ही मामले में कार्रवाई करना सही नहीं होता। हम अनुशासन बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं को भी संतुलन में रखना जरूरी है।” उन्होंने अनुशासनहीनता के मामलों में कार्रवाई की बात दोहराई।

    7 जुलाई को छत्तीसगढ़ आएंगे खड़गे और वेणुगोपाल

    बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल 7 जुलाई को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस द्वारा शराब घोटाले, खाद-बीज संकट और अन्य जनहित के मुद्दों पर सरकार के खिलाफ बड़ी सभा आयोजित की जाएगी। PAC बैठक में खड़गे के दौरे की तैयारियों और रणनीति पर भी चर्चा की गई।

    अंदरूनी असंतोष सतह पर

    बैठक में हुए इस साफ-साफ टकराव और गुटबाजी के संकेतों ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अंदरूनी असंतोष को उजागर कर दिया है। आगामी महीनों में होने वाली राजनीतिक गतिविधियों के बीच यह बैठक पार्टी के भीतर जारी खींचतान की झलक भी दे गई

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!