मेले में नुकीले कड़े पहनकर घूम रहे थे उपद्रवी, पुलिस ने 2100 कड़े किए जब्त

नवरात्रि मेले में सुरक्षा के लिए 6 दिन चला अभियान, रोजाना 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे दर्शन करने

सुहेला। नवरात्रि पर्व और मेले के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुहेला पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। 11 से 16 अक्टूबर तक चले छह दिवसीय अभियान में पुलिस ने भारी स्टील से बने करीब 2100 रिंगदार कड़े और चूड़े जब्त किए। पुलिस के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व मेले में नुकीले और भारी कड़े पहनकर घूम रहे थे, जिनका इस्तेमाल विवाद के दौरान लोगों को चोट पहुंचाने के लिए किया जा सकता था। एहतियात के तौर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

मेले में रोजाना पहुंच रहे हजारों श्रद्धालु

सुहेला थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दुर्गा पंडाल और मेला परिसर में प्रतिदिन औसतन 50 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस को आशंका थी कि कुछ असामाजिक तत्व भारी और नुकीले कड़ों का इस्तेमाल विवाद या मारपीट के दौरान कर सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष जांच अभियान चलाया गया।

छह दिन तक चला चेकिंग अभियान

पुलिस ने 11 से 16 अक्टूबर तक मेला परिसर में लगातार जांच की। इस दौरान मनचलों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की जांच करते हुए भारी स्टील से बने 2100 कड़े और चूड़े जब्त किए गए। जब्त सामग्री को पुलिस थाने लाया गया।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि धार्मिक आयोजनों और सार्वजनिक मेला स्थलों पर शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को धार्मिक माहौल खराब करने, महिलाओं और श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता करने या कानून का उल्लंघन करने की छूट नहीं दी जाएगी। मेला परिसर में पुलिस की वर्दीधारी और सादे कपड़ों में तैनात टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

पुलिस ने जारी की सुरक्षा गाइडलाइन

नवरात्रि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कई निर्देश जारी किए हैं।

– नशे में वाहन चलाने पर कार्रवाई: शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

– निर्धारित पार्किंग में खड़े करें वाहन: श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को सड़क पर खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करें।

– संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दें: मेला परिसर में कोई संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखाई देने पर तत्काल मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना दें।

– असामाजिक तत्वों पर नजर: महिलाओं और श्रद्धालुओं से बदसलूकी करने, हुड़दंग मचाने या धार्मिक माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दुर्गा समितियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील

पुलिस ने दुर्गा उत्सव समितियों से भी गरबा, डांडिया और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। आयोजकों से कहा गया है कि कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखें और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखें।

पुलिस का कहना है कि नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निगरानी एवं जांच अभियान जारी रहेगा।

Hot Topics

Related Articles