खैरघटा के किसान सुयश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति जताया आभार
बलौदाबाजार, 16 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही किसानों में उत्साह का माहौल है। इस बार किसान घर बैठे मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन धान खरीदी का टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उन्हें सोसायटियों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसानों का समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं।
इसी कड़ी में ग्राम खैरघटा के किसान सुयश अग्रवाल ने लगभग 9 एकड़ कृषि भूमि में उत्पादित करीब 250 कट्टा धान बेचने के लिए सोसायटी पहुंचे। उन्होंने बताया कि मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन टोकन काटने की प्रक्रिया बेहद आसान और सुविधाजनक रही। बिना किसी परेशानी के उनका टोकन कट गया, जिससे उन्हें टोकन के लिए बार-बार सोसायटी जाने की जरूरत नहीं पड़ी।
किसान सुयश अग्रवाल ने कहा कि इस वर्ष धान खरीदी को लेकर किसानों में विशेष उत्साह है। वहीं, राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत लिया गया निर्णय किसानों के लिए अतिरिक्त खुशी लेकर आया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा से कम धान बेचने की स्थिति में भी पात्र किसानों को योजना के प्रावधानों एवं पात्रता के अनुसार शेष अंतर की राशि का लाभ मिलेगा। सरकार के इस निर्णय से किसानों को बड़ी राहत मिली है और उनकी खुशी दोगुनी हो गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार लगातार कृषि और किसान कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। श्री अग्रवाल ने इस किसान हितैषी पहल के लिए जिले के समस्त किसान भाइयों की ओर से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।












