मोहला : महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 27 मवेशी बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

  • ट्रक समेत 17.96 लाख रुपए की सामग्री जब्त, मवेशियों को गौशाला भेजा गया

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। अवैध रूप से मवेशियों को महाराष्ट्र ले जाने के मामले में पाटनखास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक से 21 बैल और 6 बछड़े, कुल 27 मवेशियों को बरामद किया है। कार्रवाई में ट्रक सहित कुल 17 लाख 96 हजार रुपए की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर को पाटनखास चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में मवेशियों को भरकर महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ईटोड़ा चौक के पास नाकेबंदी की।

इस दौरान संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक के डाले में पीले रंग के तिरपाल से ढके हुए 21 बैल और 6 बछड़े मिले। पुलिस के मुताबिक, मवेशियों को वाहन में अत्यंत संकुचित एवं क्रूरतापूर्वक तरीके से भरा गया था।

जांच और पूछताछ के दौरान यशवंत मरसकोले (30), निवासी नायकुंड, तहसील पारशिवनी, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 21 बैलों की कीमत 84 हजार रुपए, 6 बछड़ों की कीमत 12 हजार रुपए और ट्रक क्रमांक MP 07 HB 7707 की कीमत 17 लाख रुपए आंकी है। इस तरह कुल 17.96 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई।

आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम तथा मोटरयान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। बरामद सभी 27 मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उन्हें सुरक्षित रखने के लिए गौशाला भेज दिया गया है।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन, एसडीओपी अंबागढ़ चौकी नेहा पवार के मार्गदर्शन तथा चौकी प्रभारी सुरेंद्र नेताम के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पीएसआई अमन नायक, सउनि दीपक शर्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Hot Topics

Related Articles