रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में अत्यधिक वर्षा हुई. राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन तेज बारिश की बजाय रुक-रुककर हल्की फुहारें पड़ती रहीं. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।






